जनता दर्शन में डीएम सविन बंसल ने सुनी 125 शिकायतें, मौके पर हुआ समाधान
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनी गईं।
दूर-दराज से पहुँचे लोगों ने अवैध अतिक्रमण, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क, पेयजल संकट, भूस्खलन से भवनों को खतरा, घरेलू एवं निजी भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, मुआवजा आदि से जुड़ी कुल 125 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
हर्रावाला में सार्वजनिक रास्ते में खंभे लगाकर तारबाड़ व कब्जे की शिकायत पर उप नगर आयुक्त को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भाटगढ़ी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम को त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं बदामवाला में सड़क किनारे पानी की नाली बंद कर सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को अतिक्रमण हटाने के निर्देश मिले। अठूरवाला निवासी सड़क से एलटी विद्युत लाइन के पोल शिफ्ट कराने की मांग लेकर पहुँचे।
टीएचडीसी कॉलोनी निवासियों ने सड़क सुरक्षा के लिए मुख्य द्वार के सामने गुजरने वाली सड़क पर उचित मानक व संकेतकों के साथ स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग रखी। जिस पर लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पुरोहितवाला की प्रधान ने बताया कि बारिश के कारण गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी की समस्या बनी हुई है। इस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए गए। ग्राम सभा कान्सवाली नौगांव के लोगों ने शिकायत की कि जल निगम द्वारा कनेक्शन देने के बावजूद चार माह से पानी नहीं आ रहा है। ग्राम पंचायत रैनापुर के प्रधान ने गांव में कच्चे मकानों के पुनर्निर्माण और क्षतिग्रस्त पंचायत भवन की मरम्मत कराने की मांग रखी। जिस पर बीडीओ को पात्र लाभार्थियों का चयन करने के निर्देश दिए गए।
शिमला बाईपास रोड स्थित शेरपुर में निजी भूमि पर जबरदस्ती कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार को जांच के आदेश मिले। जागृति विहार निवासी ने जमीन फ्रॉड का मामला उठाते हुए बताया कि उनसे 5 लाख रुपये का बयाना लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं की गई। इस पर सीओ पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं मोथरोवाला निवासी विधवा महिला ने ठेकेदार पर पैसा लेने के बावजूद मकान का काम पूरा न करने की शिकायत दर्ज कराई।
रतन सेठी ने हिट एंड रन मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई न होने की शिकायत की, जिस पर एसएचओ को त्वरित जांच के निर्देश दिए गए। विकासनगर निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने पुत्र व पुत्रवधू द्वारा अभद्रता व दुर्व्यवहार की शिकायत दर्ज की। मामले पर सीओ पुलिस को तत्काल जांच करने के आदेश दिए गए। मुख्यमंत्री स्वरोजगार ऋण आवेदन को बैंक द्वारा अस्वीकृत किए जाने की शिकायत पर एलडीएम को जांच करने के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन के दौरान भूमि सीमांकन, रजिस्ट्री, अवैध कब्जा हटवाने से जुड़ी अनेक समस्याएं भी उठाई गईं।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त रजा अब्बास, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा, एसडीएम विनोद कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

