डीएम सविन बंसल की सख़्ती: जिला चिकित्सालय की प्रगति समीक्षा बैठक में उठाया एसएनसीयू विस्तार में देरी का मुद्दा — लगाई फटकार, मौके पर 91 लाख की स्वीकृति
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट देहरादून में अचानक जिला चिकित्सालय कोरोनेशन के निर्माण कार्यों, सुविधाओं और सेवाओं की समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक की सूचना मिलते ही अधिकारी आनन-फानन में पहुंचे। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की चिकित्सकीय सेवाओं, उपकरणों की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, और मरीजों की संख्या का बारीकी से आकलन किया।
बैठक में स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) के अपग्रेड कार्यों में विलंब सामने आने पर डीएम सविन बंसल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि दो माह से विस्तार कार्य लंबित है और धन न होने की बात प्रशासन को अब बताई गई, जो अत्यंत गंभीर है। जिलाधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को फटकार लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम बंसल ने एसएनसीयू विस्तारीकरण* व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए *जिला योजना से 91 लाख रुपये की स्वीकृति मौके पर ही प्रदान की और निर्देश दिया कि एसएनसीयू का विस्तार कार्य एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के प्रयासों से शुरू की गई इस यूनिट से अब तक 500 से अधिक नवजात शिशु लाभान्वित हो चुके हैं।
बैठक में निर्माणाधीन ब्लड बैंक की समीक्षा करते हुए डीएम ने पाया कि इसका 75% कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने शेष कार्य फरवरी 2026 तक पूर्ण करने और ब्लड बैंक संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी, चिकित्सक और स्टाफ की व्यवस्था समयबद्ध करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल में दिव्यांगजन हेतु शौचालय, जनरल ओटी के लिए स्टेबलाइजर, भवन मरम्मत, फायर अलार्म और हाईड्रेंट सिस्टम, जन्म-मृत्यु पंजीकरण हेतु कलर प्रिंटर सहित कई आधारभूत सुधारों के लिए 91 लाख रुपये की राशि तत्काल स्वीकृत की।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में आने वाले हर मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले। अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था, दवा वितरण, उपकरणों की कार्यशीलता और हेल्प डेस्क की प्रभावशीलता पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीएम ने कहा कि चिकित्सालय में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मन्नु जैन ने बताया कि अस्पताल में ऑटोमेटेड पार्किंग सिस्टम से व्यवस्था में सुधार हुआ है और इसके स्थायी निर्माण का अनुरोध किया गया, जिस पर डीएम ने कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीएमओ मनोज शर्मा, एसडीएम हरिगिरि, डॉ. जेपी नौटियाल, डॉ. शालिनी डिमरी, पीआरओ प्रमोद पंवार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजू सब्बरवाल, मैट्रन इंदू शर्मा, सुशीला पंवार, प्रबंधक आरती सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

