HTML tutorial
HTML tutorial

पीडब्ल्यूडी कार्यालय में अव्यवस्थाओं पर डीएम का एक्शन, अनुशासनहीन कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (विद्युत यांत्रिक खंड) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी, अभिलेखों एवं सामग्री के अव्यवस्थित रख-रखाव पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टाफ उपस्थिति पंजिका और फील्ड कार्मिकों के मूवमेंट रजिस्टर की भी जांच की। अभिलेखों के परीक्षण में कुछ कर्मचारी बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और कार्यसंस्कृति से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि निकट भविष्य में कार्यालय का दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं मिला या अनियमितताएं दोबारा पाई गईं, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles