मारपीट और मोबाइल लूट मामले में दून पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

मारपीट और मोबाइल लूट मामले में दून पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। थाना राजपुर पुलिस ने युवक के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, कैनाल रोड निवासी पुष्कर चंद ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि साईं मंदिर के पास चाय पीने के दौरान अनंत चौधरी और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उनके दो मोबाइल फोन छीन लिए और कार में तोड़फोड़ भी की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अनंत चौधरी और मनप्रीत सिंह को काठ बंगला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से छीने गए आईफोन और सैमसंग मोबाइल बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर उनका वादी से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने घटना को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घटना के खुलासे में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, चौकी प्रभारी आईटी पार्क, उपनिरीक्षक अनित कुमार, कांस्टेबल रविंद्र एवं कांस्टेबल विशाल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles