दून पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की स्मैक व शराब बरामद

दून पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की स्मैक व शराब बरामद
Spread the love

देहरादून । एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 लाख रुपये मूल्य की 10.05 ग्राम अवैध स्मैक और करीब 4 पेटी अवैध अंग्रेजी व देशी शराब बरामद की है।

कोतवाली डोईवाला पुलिस ने 25 अप्रैल 2026 को टोल प्लाजा लच्छीवाला में चेकिंग के दौरान बबलू साहनी (26 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार (हाल पता डोईवाला) को 10.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में आर्म्स एक्ट व चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

इसी क्रम में डोईवाला पुलिस ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट तिराहे पर चेकिंग के दौरान अंकुर कुमार (34 वर्ष) निवासी गणेश विहार, देहरादून को 96 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

वहीं थाना सेलाकुई पुलिस ने लेबर चौक के पास चेकिंग के दौरान जीवन थापा (29 वर्ष) निवासी सेलाकुई को 90 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत जिले में लगातार चेकिंग और सत्यापन की कार्रवाई जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles