दून पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा, 2 शातिर गिरफ्तार; चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद

दून पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा, 2 शातिर गिरफ्तार; चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी सुनियोजित तरीके से क्षेत्र में रेकी कर सुनसान स्थानों से वाहन चोरी करते थे और उन्हें जनपद से बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में थे।

25 जुलाई 2026 को ओम अग्रवाल की बिधौली से स्कूटी चोरी होने की शिकायत पर कोतवाली प्रेमनगर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस ने चेकिंग के समय मुखबिर की सूचना पर जावेद (22 वर्ष) निवासी अंबीवाला और वंश कुमार (20 वर्ष) निवासी प्रेमनगर को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों से पांच अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर प्रेमनगर स्थित एक खंडहर से सभी वाहन बरामद कर लिए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए सुनसान स्थानों पर खड़े वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को खंडहर में छिपाकर रखा जाता था और मौका मिलने पर दूसरे राज्यों में बेचने की योजना थी। बरामद अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, कांस्टेबल पंकज एवं कांस्टेबल अरशद शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles