डॉ. धन सिंह रावत ने पाबो के दूरस्थ गांवों में किया पैदल जनसंपर्क, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

डॉ. धन सिंह रावत ने पाबो के दूरस्थ गांवों में किया पैदल जनसंपर्क, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
Spread the love

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को विकासखंड पाबो के जितोली, सांकरसैंण, चिपलघाट सहित विभिन्न दूरस्थ गांवों का पैदल जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ही बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में प्रतिभाग किया।

डॉ. रावत ने जितोली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्थानीय महिलाओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारवान बच्चों के निर्माण में परिवार के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद डॉ. रावत ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचारों को अभिव्यक्त करने के पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के सपनों को अवसर और उनकी प्रतिभा को सही दिशा देना ही सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।
चिपलघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में डॉ. रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं सुझाव सुने। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।

डॉ. रावत ने योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डॉ. रावत ने विकासखंड पाबो में निर्माणाधीन खुण्डेश्वर स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेगा।

देवभूमि खबर

Related articles