टिहरी पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया पर्स, ₹80 हजार का मंगलसूत्र और नगदी सुरक्षित लौटाई

टिहरी। चंबा बाजार में खोया महिला का पर्स टिहरी पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते सुरक्षित बरामद कर उसके स्वामिनी को लौटा दिया गया। पर्स में करीब ₹80 हजार कीमत का सोने का मंगलसूत्र, ₹5 हजार की नगदी, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2026 को श्रीमती आरती देवी पत्नी चमन सिंह, निवासी ग्राम शिउल, चंबा, टिहरी गढ़वाल, चंबा बाजार आई थीं। इसी दौरान उनका भूरे रंग का पर्स कहीं गिर गया। पर्स खोने का पता चलने पर उन्होंने तत्काल कोतवाली चंबा में इसकी लिखित सूचना दी।
सूचना मिलते ही चंबा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पर्स की तलाश शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने चंबा बाजार के विभिन्न स्थानों पर तलाश करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद खोया हुआ पर्स एक दुकान के पास गिरा हुआ मिला। पुलिस ने पर्स को बरामद कर थाने लाया।
आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बरामद पर्स श्रीमती आरती देवी को सकुशल सुपुर्द कर दिया। पर्स के अंदर रखा सोने का मंगलसूत्र, ₹5 हजार की नगदी, एटीएम कार्ड, पहचान पत्र और अन्य सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित मिले।
खोया सामान वापस मिलने पर आरती देवी बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने चंबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
