रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर, देहरादून के बाद नैनीताल में भी बनेगा सिल्क पार्क
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैम्प कार्यालय में रेशम विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावों और प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक चाकी केन्द्रों की स्थापना के लिए 2 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। इसके तहत देहरादून जनपद के विकासनगर में एक आधुनिक चाकी केन्द्र स्थापित करने का प्रस्ताव है, जिससे रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को उच्च गुणवत्ता के चाकीकृत कीट उपलब्ध हो सकेंगे।
कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे आधुनिक केन्द्र अन्य जनपदों में भी स्थापित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी ‘सिल्क समग्र-3’ योजना के अंतर्गत प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लगभग 100 बड़े किसानों का चयन कर रेशम उत्पादन को वृहद स्तर पर बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गढ़वाल मंडल के देहरादून में स्थापित सिल्क पार्क की तर्ज पर कुमाऊं मंडल के नैनीताल में भी सिल्क पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंत्री ने अधिकारियों को नैनीताल में उपयुक्त भूमि का चयन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में निदेशक प्रदीप कुमार और सहायक निदेशक (रेशम) विनोद तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

