रुद्रपुर में 10 करोड़ की फर्जी NCERT किताबों का भंडाफोड़, 9.74 लाख पुस्तकें बरामद
ऊधमसिंह नगर। रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी एनसीईआरटी किताबों के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में करीब 9 से 10 करोड़ रुपये मूल्य की 9,74,085 नकली किताबें बरामद की गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 14 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर (UP37BT0562) को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में लदी किताबों के कागजात संदिग्ध पाए गए और ई-वे बिल भी उपलब्ध नहीं था।
पुलिस पूछताछ में चालक द्वारा बताए गए गोदाम पर पहुंचकर तहसीलदार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निरीक्षण किया गया, जहां करीब 10 लाख किताबों का भंडारण मिला। जांच में सामने आया कि गोदाम राजेश कुमार जैन का है, जिसे संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।
एनसीईआरटी की टीम द्वारा जांच में पाया गया कि किताबों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन मानकों के अनुरूप नहीं हैं। साथ ही किताबों में एनसीईआरटी के लोगो और नाम में छेड़छाड़ कर ‘एसीईआरटी’ अंकित किया गया था तथा अधिकांश पुस्तकों में असली वाटरमार्क भी नहीं पाया गया।
बरामदगी में कैंटर में लदी 24,865 पुस्तकें तथा गोदाम में रखी 9,49,220 पुस्तकें शामिल हैं। कुल 9,74,085 नकली किताबें जब्त की गई हैं।
इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 132/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।
इस कार्रवाई में एसएचओ मनोज रतूड़ी, एसएसआई अनिल जोशी, एसआई प्रियांशु जोशी, एसआई चंदन सिंह बिष्ट, एसआई दीपक बहुगुणा, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल प्रवीण गोस्वामी, हरीश बिष्ट, विजय दरम्याल, कृष्णा टम्टा, ताजवीर शाही, दीप पाटनी तथा चालक नरेश जोशी शामिल रहे।

