चार साल बेमिसाल: परेड ग्राउंड से सीएम धामी ने गिनाई उपलब्धियां, कई योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

चार साल बेमिसाल: परेड ग्राउंड से सीएम धामी ने गिनाई उपलब्धियां, कई योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने उन्हें पुनः सेवा का अवसर दिया था और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया गया था, जो अब तेजी से साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। साथ ही ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट, जी-20 बैठकों और राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को राज्य की बड़ी उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना वृद्धि हुई है, जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1750 हो गई है।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जबकि 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। इसके अलावा 2.65 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” योजना से लाभान्वित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में प्रथम स्थान मिला है, जबकि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और स्टार्टअप रैंकिंग में भी राज्य को उच्च श्रेणी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि खनन सुधारों के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी मिला है।

देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और सुरक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने और समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। साथ ही 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो में भी भाग लिया।

समारोह में मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles