मार्च 2018 तक गंगा पर शुरू होंगे 150 प्रोजेक्टः नितिन गडकरी

Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मार्च 2018 तक गंगा पर 150 प्रोजेक्ट शुरू होंगे। उनका कहना था कि इनमें से 90 के लिए स्वीकृति दी जा चुकी है और सात के लिए जल्द हरी झंडी दी जाएगी।
उनका कहना था कि अगले तीन माह में गंगा पर 80 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहे हैं। पीएचडी चेंबर ऑफ कामर्स के सालाना सत्र में गडकरी ने निवेशकों से कहा कि जल साफ करने के मिशन में सक्रिय भागीदारी करें।
उनका कहना था कि गंगा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बहुत ज्यादा है। सरकार की योजना है कि दूषित पानी से बायो सीएनजी बनाई जाए। इसे वाहनों में इस्तेमाल किया जा सकता है।
पीएचडी चेंबर व फिक्की से उन्होंने आग्रह किया कि इस राष्ट्रीय मिशन में वह भी अपना योगदान दें। उनका कहना था कि सरकार उन निवेशकों को मुफ्त में तकनीक प्रदान करेगी जिससे वे गंदे पानी से मीथेन व बायो सीएनजी बना सकेंगे।
कृषि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों की वजह से इस क्षेत्र में काफी दुश्वारियां दिखाई दे रही हैं, लेकिन सरकार सिंचाई प्रणाली को दुरुस्त करके खेती के उत्थान के लिए काम कर रही है।
उनका कहना था कि इसके लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की लागत से 285 प्रोजेक्ट शुरू किए जाने हैं। नदियों के जल पर चल रहे विवादों पर उनका कहना था कि लोग यह नहीं समझ रहे कि बारिश का 70 फीसद पानी समुद्र में बेकार जा रहा है।
जल संरक्षण की योजनाओं को सिरे चढ़ाया जाए तो यह पानी इस्तेमाल में आ सकता है। राज्य पानी के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन कोई यह नहीं सोच रहा कि नदियों का पानी पाकिस्तान जा रहा है।

 

देवभूमि खबर

Related articles