मेरा सपना • मेरा लक्ष्य’ से पिथौरागढ़ की बालिकाओं को मिला प्रशासनिक अनुभव और करियर मार्गदर्शन

मेरा सपना • मेरा लक्ष्य’ से पिथौरागढ़ की बालिकाओं को मिला प्रशासनिक अनुभव और करियर मार्गदर्शन
Spread the love

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की पहल ‘मेरा सपना • मेरा लक्ष्य’ लगातार प्रभावी साबित हो रही है। शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में कार्यक्रम का चौथा संस्करण आयोजित किया गया, जिसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, थल की 26 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कराया गया तथा महिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनका सीधा संवाद भी आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और अपने भविष्य के करियर को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।

यह पहल महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह सीमांत क्षेत्रों की बालिकाओं को प्रशासनिक तंत्र से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे उनमें जागरूकता और आत्मविश्वास का विकास हो सके।

कार्यक्रम की विशेषता जिलाधिकारी का छात्राओं के साथ खुला और प्रेरणादायक संवाद रहा। उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं और सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को सफलता की कुंजी बताते हुए छात्राओं को ईमानदारी, धैर्य, करुणा और समर्पण जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुर्वेद और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी महिला अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। संवाद सत्र के दौरान छात्राओं ने अपने करियर और आकांक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे और अधिकारियों से सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र सीखे।

जिलाधिकारी ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन का द्वार उनके लिए सदैव खुला है और मार्गदर्शन के लिए सभी अधिकारी हर समय उपलब्ध रहेंगे।
छात्राओं ने इस कार्यक्रम को प्रेरणादायक और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक एवं सार्वजनिक संस्थानों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा उनके सपनों को स्पष्ट लक्ष्य में परिवर्तित करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना है।

कार्यक्रम का संचालन प्रवीण रावल द्वारा सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, उपजिलाधिकारी सदर जीतेन्द्र वर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. चंद्रकला भैंसोड़ा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles