दीपावली पर गोपेश्वर पुलिस ने बांटी खुशियां, बुजुर्गों का लिया आशीर्वाद और बच्चों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान

गोपेश्वर । दीपावली के पावन पर्व पर चमोली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कोतवाली गोपेश्वर के थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई और उनका आशीर्वाद लिया।
इस दौरान थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके साथ आत्मीय समय बिताया। पुलिसकर्मियों ने दीप एवं मोमबत्तियां जलाकर दीपावली मनाई तथा बुजुर्गों को मिठाइयां भेंट कीं। बुजुर्गों ने भी पुलिसकर्मियों को स्नेह और आशीर्वाद दिया।
इसके बाद पुलिस टीम आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले नेपाली मूल के परिवारों के बीच पहुंची। यहां बच्चों और उनके परिजनों को मिठाइयां वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा की गईं। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पुलिसकर्मियों की इस पहल को और भी खास बना दिया।
चमोली पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित वर्गों के साथ खड़े रहना भी उसकी जिम्मेदारी है। बुजुर्गों का आशीर्वाद और बच्चों की मुस्कान के बीच गोपेश्वर पुलिस ने दीपावली के वास्तविक अर्थ को साकार किया।


