खंडहर में तब्दील हो रहा राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर – जन संघर्ष मोर्चा ने जताई कड़ी आपत्ति

खंडहर में तब्दील हो रहा राजकीय इंटर कॉलेज डाकपत्थर – जन संघर्ष मोर्चा ने जताई कड़ी आपत्ति
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में मोर्चा टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज, डाकपत्थर का निरीक्षण किया। विद्यालय भवन की जर्जर हालत देखकर टीम ने गहरी चिंता व्यक्त की।

वर्तमान में लगभग 500 छात्र-छात्राएं यहां अध्ययनरत हैं, जबकि पूर्व में छात्र संख्या 1500–2000 तक रहती थी। बजट और देखरेख के अभाव में विद्यालय भवन खंडहर में तब्दील हो रहा है। जर्जर भवन की वजह से अभिभावक अपने बच्चों को निजी या अन्य विद्यालयों में भेजने को मजबूर हैं।

विद्यालय सिंचाई विभाग के अधीन है, लेकिन उपेक्षा के चलते मरम्मत और रखरखाव का अभाव बना हुआ है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य वर्मा के अनुसार, मरम्मत के नाम पर दो–दो साल में कभी कभार केवल 20–25 हजार रुपये ही मिलते हैं, जो नाकाफी है।

नेगी ने कहा कि “विद्यालय की यह स्थिति छात्रों के जीवन के साथ खिलवाड़ है। कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। सरकार और जिम्मेदार विभागों ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया है, जिसके चलते छात्र संख्या लगातार घट रही है। विद्यालय को बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”

मोर्चा ने विद्यालय की मरम्मत, साज-सज्जा और सुरक्षा हेतु अन्य विभागों से भी बजट उपलब्ध कराने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, हाजी असद, सलीम मुजीबुर्रहमान, प्रवीण शर्मा पिन्नी आदि मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles