पवन जाटव व प्रवेश ने दिखाई मानवता, समय पर बचाई घायलों की जान
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से कालाढूंगी–नैनीताल बजून मार्ग पर दो चौपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना के समय इस मार्ग से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता पवन जाटव व उनके साथी प्रवेश ने सड़क पर हुए हादसे को देखा। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिस के पहुंचने तक घायलों की मदद में जुट गए। घायलों से कुशलक्षेम पूछते हुए उन्होंने स्थिति को संभाला।
दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल थी, जो चलने में असमर्थ थी। पवन जाटव ने किसी तरह एक वाहन रुकवाया और घायल महिला को राजकीय बी.डी. पांडे अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके अलावा एक युवक को हल्की चोटें आईं, जबकि अन्य चार लोगों को भी मामूली चोटें लगी हैं। हल्की चोट वाले लोग उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंचे।
पवन जाटव ने बताया कि बजून मार्ग पर एक वाहन पहले से खड़ा था। वाहन में सवार झारखंड की एक महिला उल्टी करने के लिए बाहर उतरी हुई थी, जबकि उसका मंगेतर भिकियासैंण में बैंक में तैनात है। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही कार, जिसमें चार लोग सवार बताए जा रहे हैं, उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पवन जाटव व प्रवेश की तत्परता और मानवता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से समय रहते घायल महिला को उपचार मिल सका।

