महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मातृशक्ति सम्मान समारोह, 500 से अधिक महिलाओं को किया सम्मानित

महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मातृशक्ति सम्मान समारोह, 500 से अधिक महिलाओं को किया सम्मानित
Spread the love

देहरादून।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोथरोवाला वार्ड के दौड़वाला में मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव एवं युवा नेता वैभव वालिया द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र की 500 से अधिक माताओं और बहनों को सम्मानित कर समाज निर्माण में उनके योगदान को नमन किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने मातृशक्ति को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के बिना सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है।
अपने संबोधन में प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन में महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते महिला उत्पीड़न और बेरोजगारी से जनता त्रस्त है और अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।

इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि माताएं और बहनें समाज की आधारशिला हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि कर महिलाओं को महिला दिवस पर ‘तोहफा’ दिया है।

उन्होंने स्थानीय विधायक विनोद चमोली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता उन्हें “टूटी सड़कों वाले विधायक” के रूप में जानती है। पिछले 10 वर्षों से विधायक रहने के बावजूद क्षेत्र में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या आज भी बनी हुई है।

समारोह के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं-बहनें, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मातृशक्ति को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया और समाज में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता नानक चंद, पार्षद प्रत्याशी आयुष सेमवाल, नवीन रमोला, अमृता कौशल, पीयूष गौड़, वसीम, मनकला थापा, इंदु सिंह, मंजू त्रिपाठी, स्वाति नेगी, माया थापा, लालमणि शाह, माया शाही, सुधा ठाकुर, पूजा, मीनाक्षी गुरुंग, आरती थापा, पदमा देवी, रजनी चौहान, शकुंतला प्रधान, ज्योति, मंजू, रीता देवी, मीरा आले, निर्मला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles