हर ब्लॉक में मिलेगी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा, छह माह में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

हर ब्लॉक में मिलेगी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा, छह माह में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
Spread the love

देहरादून।प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार प्रत्येक विकासखंड में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर ब्लॉक स्तर पर इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी की जाएगी।

प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार उन्नत बनाने के लिए प्रयासरत है, ताकि आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मरीजों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विकासखंड स्तर पर उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनों की आवश्यकता का प्रस्ताव बनाकर शीघ्र शासन को भेजें। विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर सभी ब्लॉकों में इन मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है।

डॉ. रावत ने बताया कि वर्तमान में राज्य के 95 ब्लॉकों में 84 एक्स-रे मशीनें और 47 अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें अल्मोड़ा और नैनीताल में 8-8 एक्स-रे मशीनें, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चंपावत में 3-3, चमोली, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में 7-7, देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी में 6-6, पौड़ी में 11 तथा टिहरी के विभिन्न विकासखंडों में 9 एक्स-रे मशीनें उपलब्ध हैं।
इसी प्रकार अल्मोड़ा और नैनीताल के विकासखंडों में 3-3 अल्ट्रासाउंड मशीनें, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में 6-6, चमोली, टिहरी और पिथौरागढ़ में 5-5, उत्तरकाशी और देहरादून में 4-4, चंपावत और रुद्रप्रयाग में 2-2 तथा बागेश्वर और हरिद्वार के विकासखंडों में 1-1 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चमोली जिले के देवाल, घेस, नंदप्रयाग और थराली, देहरादून के चकराता और कालसी विकासखंडों में जहां अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवश्यकतानुसार मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी तरह हरिद्वार के बहादराबाद, भगवानपुर, खानपुर, लक्सर और नारसन में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि पौड़ी जिले के द्वारीखाल, एकेश्वर, कल्जीखाल, नैनीडांडा, पाबौं और रिखणीखाल में अल्ट्रासाउंड मशीन तथा जयहरीखाल, खिर्सू, कोट और पोखड़ा में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे दोनों मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसी प्रकार अन्य जनपदों के विकासखंडों में भी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. रावत ने कहा कि सभी विकासखंडों की चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी की जाएगी, जिसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles