भाजपा विधायक के दबाव में कांग्रेस नेता को प्रताड़ित करना बर्दाश्त नहीं होगा: हरक सिंह रावत

भाजपा विधायक के दबाव में कांग्रेस नेता को प्रताड़ित करना बर्दाश्त नहीं होगा: हरक सिंह रावत
Spread the love

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के दबाव में कांग्रेस नेता सूरत सिंह नेगी को पुलिस द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर की जा रही कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. हरक सिंह रावत ने सूरत सिंह नेगी के आवास पर पहुंचकर उनसे और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूरत सिंह नेगी लगातार भाजपा विधायक की कथित नाकामियों और भ्रष्टाचार को जनता के बीच उठाते रहे हैं। इसी कारण भाजपा विधायक ने पुलिस पर दबाव बनाकर उनके खिलाफ कई फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए हैं और पुलिस प्रशासन उनके तथा उनके परिवार का मानसिक उत्पीड़न कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कई गंभीर मामलों में कार्रवाई को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस की सक्रियता अलग दिखाई देती है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण, पेपर लीक और भू-माफिया से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा।

हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की जनता पूरे घटनाक्रम को देख और समझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूरत सिंह नेगी के खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक द्वेष और भेदभाव की भावना से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से पुलिस प्रशासन की कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई का पुरजोर विरोध करेगी।

उन्होंने सूरत सिंह नेगी के परिजनों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वह और पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार को स्वयं को अकेला नहीं समझना चाहिए।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’, प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट ‘बंटू’, पार्षद अनिल सिंह छेत्री, कांग्रेस नेता सागर मनवाल, विजय सिंह चौहान, हिमेश नेगी, सरिता बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles