सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, 10 वर्ष से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने के निर्देश: भगवत प्रसाद मकवाना

सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, 10 वर्ष से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने के निर्देश: भगवत प्रसाद मकवाना
Spread the love

हरिद्वार, । उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने हरिद्वार जनपद के भ्रमण के दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और कार्य परिस्थितियों को लेकर सीसीआर सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कर्मचारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न नहीं होना चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उपाध्यक्ष ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

भगवत प्रसाद मकवाना ने विशेष रूप से उन सफाई कर्मचारियों के संबंध में निर्देश दिए जो पिछले 10 वर्षों से संविदा अथवा आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से कार्यरत हैं। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने मृतक आश्रितों को 15 दिनों के भीतर नियुक्ति देने, सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा जिन कर्मचारियों के आयुष्मान और गोल्डन कार्ड नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

समीक्षा के दौरान जिला चिकित्सालय एवं मेला चिकित्सालय में ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वेतन न मिलने का मामला भी सामने आया। शासन द्वारा निर्धारित 13,058 रुपये के स्थान पर कर्मचारियों को 7,300 से 8,800 रुपये तक भुगतान किए जाने पर उपाध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा नई टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।
उपाध्यक्ष ने “नमस्ते योजना” के तहत पंजीकृत सभी सफाई कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पुनः सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण और सम्मान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर उनके अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles