स्वास्थ्य सचिव ने धराली में आपदा राहत कार्यों का किया निरीक्षण,SDRF, ITBP और स्वास्थ्य टीमों का हौसला बढ़ाया,
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार शनिवार को रक्षाबंधन के दिन सीधे धराली पहुंचे और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों, SDRF, NDRF, ITBP और स्थानीय स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया। शनिवार को 158 लोग चिन्यालीसौड़ और 170 लोग मातली हेलीपैड पहुंचे, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

धराली में माहौल भावुक हो गया जब चिकित्सा स्टाफ और महिलाओं ने स्वास्थ्य सचिव को राखी बांधकर अपना स्नेह और विश्वास व्यक्त किया। डॉ. राजेश कुमार ने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य विभाग चौबीसों घंटे प्रभावित लोगों के साथ है और आवश्यकता पड़ने पर लगातार मौके पर मौजूद रहेगा।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने राहत व बचाव मोर्चे पर तैनात जवानों से मुलाकात की और SDRF के साथ भोजन भी किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में सेवा दे रहे जवानों के जज़्बे की सराहना की। घायलों और बीमारों से मिलकर उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी दी और भविष्य में क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक स्वास्थ्य योजना बनाने की घोषणा की।
धराली पहुंचने से पहले उन्होंने चिन्यालीसौड़ हेलीपैड और मातली स्थित ITBP राहत शिविर का निरीक्षण किया, यात्रियों व आपदा प्रभावित लोगों से संवाद किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें राखी बांधकर सेवा के प्रति अपना समर्पण दर्शाया।
स्वास्थ्य विभाग ने चिन्यालीसौड़ से धराली तक विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में कई स्वास्थ्य टीमों की 24 घंटे तैनाती की है। जिला चिकित्सालय में भी स्वास्थ्य सचिव ने आपदा में घायल मरीजों का हालचाल लिया और निर्देश दिया कि किसी भी मरीज को उपचार में कमी न हो।
निरीक्षण के दौरान निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य गढ़वाल मंडल डॉ. सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, राज्य नोडल अधिकारी डॉ. बिमलेश जोशी, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल, नोडल अधिकारी चिन्याली डॉ. विनोद कुकरेती एवं नोडल अधिकारी मातली डॉ. बी.एस. पांगती मौजूद रहे।

