अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान पर जनहित याचिका की सुनवाई, हाईकोर्ट ने जारी किए नोटिस
रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में जिला उधमसिंह नगर में पट्टे की आड़ में किए जा रहे अवैध खनन से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। अधिवक्ता दीपक व ललित गोस्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि हाईकोर्ट की खंडपीठ ने जिलाधिकारी उधमसिंह नगर, फॉरेस्ट कंजर्वेटर और पट्टाधारक को नोटिस जारी कर 6 अक्तूबर तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को नियत की गई है। यह जनहित याचिका उधमसिंह नगर निवासी बबलू कुमार की ओर से दाखिल की गई थी।
याचिका में कहा गया है कि खनन माफियाओं द्वारा थारुनगर पट्टे की आड़ में कल्याणपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँच रहा है।
ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। याचिका में कोर्ट से अवैध खनन पर रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों व खनन माफियाओं पर सख्त कार्यवाही की मांग की गई है।

