नैनीताल में मूसलाधार बारिश से गुलाबघाटी मार्ग पर भयंकर मलवा, यातायात प्रभावित
रिपोर्ट:ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी वर्षा के चलते नैनीताल क्षेत्र की गुलाबघाटी में भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ जाने के कारण यातायात बाधित हो गया।
गुलाबघाटी मार्ग पर मलवा आने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत जेसीबी मशीन मौके पर भेजी। मलवा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द मार्ग को सामान्य किया जा सके।
सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर फिलहाल वन-वे यातायात की व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से लगातार पत्थर और मिट्टी खिसक रही है, जिससे मार्ग पर बार-बार मलवा जमा हो रहा है। हालांकि राहत दल और मशीनें पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि यदि मौसम ने सहयोग किया तो कुछ ही घंटों में मार्ग को पूरी तरह से साफ कर सामान्य यातायात बहाल कर दिया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे आवश्यक होने पर ही इस मार्ग से यात्रा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि नैनीताल क्षेत्र में वर्षा का दौर अभी भी जारी है, जिससे अन्य संवेदनशील मार्गों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

