हरिद्वार।आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड श्री वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे। उनके दौरे का उद्देश्य प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा करना और तैयारियों का जायजा लेना रहा।
इस दौरान बैरागी कैंप में आयोजित बैठक में कार्यक्रम में नियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की डी-ब्रीफिंग की गई। अधिकारियों से ड्यूटी से संबंधित फीडबैक प्राप्त कर जमीनी स्तर पर की गई व्यवस्थाओं का आकलन किया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए एडीजी ने उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस बल को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। एडीजी ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासन बनाए रखना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को समय रहते ब्रीफ करने तथा पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार सहित पुलिस मुख्यालय एवं अन्य जनपदों से आए वरिष्ठ पुलिस व पीएसी के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

