रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नैनीताल दौरे को लेकर हाई अलर्ट, पुलिस-प्रशासन की उच्चस्तरीय ब्रीफिंग
नैनीताल। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण को लेकर शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित मेडिकल कॉलेज के मीटिंग हॉल में पुलिस एवं प्रशासन की उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग की अध्यक्षता रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र ने की।
बैठक में वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा के मद्देनजर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाए तथा कार्यक्रम स्थल, रूट और आसपास के क्षेत्रों में सघन एंटी-सबोटाज चेकिंग सुनिश्चित की जाए। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड द्वारा सभी स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा, जबकि केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान रूट को पूर्णतः क्लियर रखने, छतों और ऊंची इमारतों पर पुलिस तैनाती, सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, तथा कंट्रोल रूम द्वारा 24 घंटे मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही ATS, QRT, फायर सर्विस, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। 21 और 22 मार्च को ईद एवं लंबे वीकेंड के चलते संभावित भीड़ को देखते हुए जनपद नैनीताल में सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी एवं मालवाहक वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और मेडिकल सप्लाई जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए वीवीआईपी दौरे को सकुशल और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण के दृष्टिगत आयोजित उच्चस्तरीय ब्रीफिंग में रिद्धिम अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र (अध्यक्षता), नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ), करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना, ललित मोहन लाल, जिलाधिकारी नैनीताल, डाॅ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल सहित जितेन्द्र मेहरा, जगदीश चंद्र, प्रकाश चंद्र आर्य, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल, जोध राम जोशी, मिथिलेश सिंह, वीर सिंह, शांतनु पराशर तथा तपेश कुमार चंद समेत विभिन्न जनपदों से वीवीआईपी ड्यूटी हेतु नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित
इस दौरान नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ), करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना, ललित मोहन लाल, जिलाधिकारी नैनीताल, डाॅ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल सहित जितेन्द्र मेहरा, जगदीश चंद्र, प्रकाश चंद्र आर्य, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल, जोध राम जोशी, मिथिलेश सिंह, वीर सिंह, शांतनु पराशर तथा तपेश कुमार चंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

