HTML tutorial
HTML tutorial

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को उत्तरांचल महासंघ मुंबई ने ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से किया सम्मानित

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को उत्तरांचल महासंघ मुंबई ने ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से किया सम्मानित
Spread the love

मुंबई/देहरादून। उत्तराखंड को देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बनाने और विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचारों एवं सुधारात्मक प्रयासों के लिए विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को मुंबई में ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नवी मुंबई में उत्तरांचल महासंघ, मुंबई की ओर से आयोजित भव्य समारोह में महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इसके अतिरिक्त गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वावधान में महाराष्ट्र की विभिन्न प्रमुख उत्तराखंडी संस्थाओं ने भी डॉ. रावत का अभिनंदन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सफलता राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, शिक्षकों के अथक परिश्रम, विद्यार्थियों की सहभागिता और आमजन की जागरूकता एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश की जनता, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों को दिया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को सबसे पहले लागू कर शिक्षा सुधारों की दिशा में अग्रणी पहल की। विद्यालयी शिक्षा को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रदेश में विद्या समीक्षा केंद्र स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और शैक्षणिक गतिविधियों की वास्तविक समय में निगरानी की जा रही है। केंद्र से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण शिक्षा व्यवस्था की कमियों को पहचानने, प्रभावी रणनीति तैयार करने और नई नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में औसतन प्रत्येक 15 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है। यह छात्र-शिक्षक अनुपात प्रदेश की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के निरंतर प्रयासों से प्रदेश जल्द ही सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेगा।

डॉ. रावत ने कहा कि पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य प्राप्त करना केवल सरकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में पूरे समाज के सामूहिक संकल्प की सफलता है। उत्तराखंड ने जनसहभागिता के माध्यम से यह मुकाम हासिल कर अन्य राज्यों के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। अब सरकार का लक्ष्य शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार करना, प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और आजीवन सीखने की संस्कृति को बढ़ावा देकर ज्ञान आधारित समाज का निर्माण करना है।

उन्होंने उत्तरांचल महासंघ और महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देश के किसी भी कोने में रहें, उनकी जड़ें हमेशा अपनी मातृभूमि से जुड़ी रहती हैं। उत्तराखंड की उपलब्धियों के प्रति उनका उत्साह और अपनत्व प्रदेश की सांस्कृतिक एकता एवं गौरव को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मुंबई में मिला यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है।

समारोह में उद्यमी के.एस. पंवार, मोहन काला, रमन मोहन कुकरेती, आनंदी गैरोला, डॉ. राजेंद्र पाटिल, मनोज भट्ट, मनोज सती, ममता भट्ट, राजेश्वर उनियाल, विनोद मेहता सहित महाराष्ट्र की विभिन्न उत्तराखंडी संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles