चमोली। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा कोतवाली गैरसैण तथा पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा कोतवाली चमोली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
कोतवाली गैरसैण में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थित गार्द द्वारा मान-प्रणाम प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत पुलिस उपाधीक्षक ने महिला हेल्पडेस्क, मालखाना, भोजनालय, थाना कार्यालय सहित समस्त परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान माल मुकदमाती वाहनों व माल के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों से शस्त्रों की हैंडलिंग कराकर उनकी कार्यकुशलता का परीक्षण किया गया तथा उनकी समस्याएं सुनकर समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण उपरांत पुलिस उपाधीक्षक द्वारा ग्राम प्रहरियों की गोष्ठी आयोजित कर क्षेत्रीय समस्याओं, कानून-व्यवस्था एवं सूचना तंत्र को मजबूत करने पर बल दिया गया। साथ ही चौकी मैहलचोरी, कोतवाली गैरसैण के नवनिर्मित भवन तथा आगामी विधानसभा सत्र के दृष्टिगत विधानसभा भवन भराडीसैण का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक चमोली द्वारा कोतवाली चमोली का निरीक्षण किया गया। थाना परिसर, बैरक एवं आवासीय भवनों का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना कार्यालय के अभिलेखों का गहन अवलोकन कर उन्हें अद्यावधिक व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे थाना की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बन सके।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, मैस, हवालात, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरे, सरकारी संपत्ति तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की सुरक्षा व रखरखाव की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। आपदा प्रबंधन से संबंधित सामग्री के संचालन व उपयोग की जानकारी कर्मचारियों को व्यवहारिक रूप से रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस उपाधीक्षकों द्वारा विवेचकों को लंबित विवेचनाओं एवं शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

