उत्तरकाशी में प्रभारी कोतवाली दिनेश कुमार ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के साथ की बैठक, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर फोकस

उत्तरकाशी में प्रभारी कोतवाली दिनेश कुमार ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के साथ की बैठक, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर फोकस
Spread the love

उत्तरकाशी।आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार द्वारा स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन को सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी निरीक्षक ने सभी संचालकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई बनाए रखने, श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन को प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए।साथ ही वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने और सड़क किनारे अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से होटल और रेस्टोरेंट में ठहरने वाले यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड रखने, आईडी सत्यापन करने और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। आपसी समन्वय को मजबूत करने के लिए पुलिस के आवश्यक संपर्क नंबर भी साझा किए गए।

बैठक के दौरान पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। इसके अलावा नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति सभी को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles