त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, प्रदेशभर में अभियान तेज
देहरादून। राज्य सरकार ने होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाद्य संरक्षा एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन के आयुक्त डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशानुसार प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। मिलावटी उत्पाद बेचने वालों पर सख्ती के लिए छापेमार दस्तों और सचल वाहन टीमों का गठन किया गया है।
खाद्य संरक्षा एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन के अपर आयुक्त एवं ड्रग कंट्रोलर ताजबर जग्गी ने बताया कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में छापेमारी अभियान लगातार जारी है। विभाग ने विजिलेंस सेल का गठन किया है, जहां शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। सर्विलांस के माध्यम से भी मिलावटखोरों पर नजर रखी जा रही है। हर जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो फूड इंस्पेक्टरों की मदद से प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सैंपल ले रहे हैं।
अपर आयुक्त ताजबर जग्गी ने बताया कि देहरादून में आशारोड़ी चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाले दूध और दुग्ध उत्पादों की कड़ी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मिलावट की सबसे अधिक शिकायतें ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार से मिल रही हैं, इसलिए इन जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन प्रदेश की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ा रहा है और उत्तर प्रदेश के खाद्य निरीक्षकों और ड्रग कंट्रोल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और मिलावट रहित खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराना है। प्रशासन जनता से भी अपील कर रहा है कि यदि उन्हें कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो तो तुरंत सूचना दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।
