मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार,रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त कार्रवाई

मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार,रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त कार्रवाई
Spread the love

हरिद्वार ।रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीमों ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी, जो दिसंबर 2024 से फरार चल रहा था, कल रात चोरी-छिपे अपने घरवालों से मिलने आ रहा था। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त साबिर पुत्र आरिफ निवासी अहबाब नगर, विष्णुलोक कॉलोनी, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार का रहने वाला है। वह थाना रानीपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और कुख्यात अपराधी प्रवीण बाल्मीकि का गुर्गा बताया जा रहा है। उस पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध शामिल हैं। वह 2024 में रानीपुर क्षेत्र में होमगार्ड पर जानलेवा हमले की घटना में भी शामिल था, जिसके बाद से ही फरार चल रहा था।

14-15 अक्टूबर 2024 की रात कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दो संदिग्धों को रोका था। पूछताछ के दौरान दोनों ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोपी पुलिसकर्मियों का मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए थे। इसी मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी अंशुल पुत्र खेम सिंह निवासी ग्राम भागूवाला, बिजनौर को 10 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी साबिर तब से फरार था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

25 फरवरी 2025 की रात पुलिस को सूचना मिली कि साबिर चोरी-छिपे अपने परिवार से मिलने आ रहा है। इस पर पुलिस टीम ने शिवालिक नगर मिलिट्री फार्म के पास घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी स्कूटी से आता दिखा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। साथ ही, उसके पास से NTORQ-125 स्कूटी (नं. DL-11-H 3214) भी बरामद की गई।

साबिर का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम, और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वह गंगनहर, ज्वालापुर, रानीपुर, सिडकुल, मंगलौर और रुड़की थानों में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, साबिर लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था और सख्ती के बावजूद लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। 2016 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जबकि 2019 में उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। 2024 में भी उसके खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हुए थे।

एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी और अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंच बनाई जा सकेगी। आरोपी के खिलाफ थाना रानीपुर में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles