चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ: मुख्यमंत्री धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी
ऋषिकेश।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने चारधाम यात्रा पर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का पवित्र मार्ग है। यह यात्रा जीवन की कठिनाइयों को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार इसकी सुरक्षा व बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्गों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। साथ ही केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंट साहिब में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत यात्रा मार्गों को बेहतर बनाया गया है और गौरीकुंड से केदारनाथ तथा गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक रोपवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ी है, इसलिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना भी आवश्यक है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जानकारी दी कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक बनकर तैयार हो जाएगा। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस वर्ष सिंगल लेन और लैंडस्लाइड जोन वाले क्षेत्रों में शटल सेवा शुरू की गई है, साथ ही हेल्पलाइन नंबर और एलईडी सूचना प्रणाली भी लागू की जा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंट गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

