HTML tutorial
HTML tutorial

टिहरी पुलिस का साहसिक रेस्क्यू, जंगल में भटके विदेशी नागरिक समेत दो लोगों को सकुशल बचाया

टिहरी पुलिस का साहसिक रेस्क्यू, जंगल में भटके विदेशी नागरिक समेत दो लोगों को सकुशल बचाया
Spread the love

टिहरी।जनपद में टिहरी पुलिस ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए घने जंगल में रास्ता भटक गए एक विदेशी नागरिक और उसके भारतीय साथी को सुरक्षित रेस्क्यू किया। यह अभियान पुलिस की मुस्तैदी और समर्पण का उदाहरण बनकर सामने आया है।

घटना 17 अप्रैल 2026 की रात लगभग 9 बजे की है, जब आकाश गोस्वामी निवासी मथुरा ने डायल 112 के माध्यम से सूचना दी कि वह अपने विदेशी साथी के साथ जंगल में रास्ता भटक गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली देवप्रयाग और चौकी बछेलीखाल पुलिस टीम को सक्रिय किया गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रशांत बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कॉलर की लोकेशन ट्रेस कर पता चला कि दोनों व्यक्ति बछेलीखाल क्षेत्र से करीब 3 किलोमीटर नीचे गंगा नदी के किनारे फंसे हुए हैं।घना जंगल, अंधेरा और दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने स्थानीय सहयोग से खाई में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया।

करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को सुरक्षित खोज निकाला। रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में आकाश गोस्वामी (27 वर्ष) और उनके विदेशी साथी जॉर्ज लियोन एसेवेडो उर्फ “रामा कृष्णा” (69 वर्ष) शामिल हैं, जो मूल रूप से कोलंबिया के निवासी हैं और लंबे समय से भारत में रहकर आध्यात्मिक जीवन अपना चुके हैं।

पूछताछ में पता चला कि दोनों सीताराम मंदिर, कोटगांव (पौड़ी गढ़वाल) की ओर जंगल के रास्ते जा रहे थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रास्ता भटक गए। जंगल और जंगली जानवरों के बीच फंसने से स्थिति गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

पुलिस टीम ने दोनों को सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और देवप्रयाग में उनके ठहरने की व्यवस्था भी कराई। अगले दिन उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
रेस्क्यू के बाद विदेशी नागरिक और उनके साथी ने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


रेस्क्यू टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रशांत बहुगुणा, उप निरीक्षक दीपक लिंगवाल, अपर उप निरीक्षक राकेश बिष्ट, हेड कांस्टेबल पवन रावत, कांस्टेबल भूपेंद्र, अजीत, नीरज, होमगार्ड विनय तथा स्थानीय सहयोगी मुकेश रावत शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles