प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के सही चयन के निर्देश, मोर्चा की शिकायत पर डीएम ने दिए जांच के आदेश

प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के सही चयन के निर्देश, मोर्चा की शिकायत पर डीएम ने दिए जांच के आदेश
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा की मांग पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन की जांच के निर्देश दिए हैं। मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व मोर्चा ने वास्तविक पात्र गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और चयन सूची की गहन जांच की मांग को लेकर तहसील का घेराव किया था।

नेगी के अनुसार, मोर्चा की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने खंड विकास अधिकारी, विकासनगर को लाभार्थी सूची की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसे मोर्चा की मुहिम की सफलता बताया।

नेगी ने आरोप लगाया कि विकासनगर ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में कुछ वास्तविक पात्र लोगों के नाम काट दिए गए, जबकि सरकारी नौकरी करने वाले लोगों, उनके परिजनों तथा दो-तीन मंजिला मकान वाले लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ साधन संपन्न लोगों ने अपने वास्तविक पक्के भवनों को दर्शाने के बजाय पुराने टीन शेड, गौशालाओं और खंडहरनुमा भवनों को आवास के रूप में दिखाकर योजना का लाभ लेने का प्रयास किया।

मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि लाभार्थियों की निष्पक्ष एवं स्थलीय जांच होने से वास्तविक गरीब और पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने प्रशासन से जांच में पारदर्शिता बरतने और अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाकर पात्र लोगों को शामिल करने की मांग की है।

देवभूमि खबर

Related articles