फर्जी NCERT पुस्तकों का अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, नफीस खान गिरफ्तार
रुद्रपुर। एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में फर्जी NCERT पुस्तकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त नफीस खान उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को NCERT नई दिल्ली के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान नफीस खान का नाम सामने आया, जो अपने साथियों के साथ मिलकर नकली NCERT पुस्तकों का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था।
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह विभिन्न राज्यों में गोदाम किराए पर लेकर फर्जी पुस्तकों का भंडारण करता था। बरेली से बरामद पुस्तकों को रुद्रपुर के गोदाम में रखा जाता था, जबकि कवर छपाई के लिए मथुरा की प्रिंटिंग प्रेस का उपयोग किया जाता था। इसके बाद तैयार पुस्तकों को राजस्थान के भरतपुर सहित विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त परिवहन के लिए वाहन मालिकों से संपर्क कर माल की सप्लाई करवाता था और गोदामों का किराया भी वहन करता था। आरोपी को 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियुक्त नफीस खान उर्फ राजू (उम्र लगभग 45 वर्ष) निवासी मेरठ के खिलाफ पूर्व में भी कॉपीराइट अधिनियम व धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में थाना परतापुर मेरठ तथा वर्ष 2023 में थाना भोजीपुरा बरेली में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, कांस्टेबल प्रवीण गोस्वामी एवं कांस्टेबल हरीश बिष्ट की टीम शामिल रही।

