दून पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 70.45 लाख के 415 खोए मोबाइल बरामद कर लौटाए

दून पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 70.45 लाख के 415 खोए मोबाइल बरामद कर लौटाए
Spread the love

देहरादून। साइबर क्राइम सेल देहरादून की टीम ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए जनपद के विभिन्न स्थानों से गुम हुए 415 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 70 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर साइबर क्राइम सेल द्वारा सर्विलांस के माध्यम से उत्तराखंड सहित बाहरी राज्यों से मोबाइल फोनों की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए खोए हुए मोबाइलों को चिन्हित कर सफलता हासिल की।

दिनांक 04 अप्रैल 2026 को पुलिस कार्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी देहरादून ने बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने दून पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल रिकवरी के लिए CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, जिससे ऐसे मामलों में लगातार सफलता मिल रही है।
इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (स्पेशल ऑपरेशन्स) अंकित कण्डारी के नेतृत्व में निरीक्षक गिरीश चन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक निर्मल भट्ट, हेड कांस्टेबल भरत सिंह रावत, महिला कांस्टेबल रचना निराला, कांस्टेबल सूरज रावत, हेड कांस्टेबल किरन कुमार (एसओजी), कांस्टेबल प्रकाश राज सहित जनपद के विभिन्न थानों में CEIR पोर्टल से जुड़े कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसपी देहरादून ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध बिल और पहचान के किसी भी अनजान व्यक्ति से मोबाइल फोन न खरीदें, ताकि साइबर अपराधों से बचा जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles