देश आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार है: जेटली
नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था पर काफी दिनों से हमलावर विपक्ष को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने प्रेस वार्ता कर कहा कि देश का बुनियादी ढांचा मजबूत है। बड़े बदलाव का असर कुछ वक्त बाद दिखता है। उन्होंने कहा कि हम चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं। अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री के साथ कई बैठकें हुई हैं।
जेटली ने कहा कि जहां तेजी की जरूरत होगी, वहां तेजी से काम होगा। तीन साल में महंगाई में कमी आई है। तीन साल में देश का विकास तेजी से हुआ है।
प्रेस वार्ता में आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष गर्ग ने भी भारत की अर्थव्यवस्था की तरीफ की। गर्ग ने कहा कि महंगाई में लगातार गिरावट आई है और विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। विदेशी पूंजी निवेश बढ़ कर 400 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। गर्ग ने जीएसटी को सबसे बड़ा सुधार बताया।
उन्होंने कहा कि जीएसटी से भ्रष्टाचार में कमी आई है। इसके अलावा नोटबंदी से काले धन पर नकेल कसने में बड़ी कामयाबी मिली है। गर्ग ने कहाकि निवेश, नौकरियां और विकास दर बढ़ाने के लिए सरकार ने इस साल सार्वजनिक व्यय भी बढ़ाया है।

