भारी बारिश, बर्फबारी व अंधेरे के बीच वसुधारा ट्रैक पर फँसे तीन यात्रियों का पुलिस व SDRF की संयुक्त टीम ने किया सकुशल रेस्क्यू
चमोली।उत्तराखण्ड पुलिस और SDRF ने फिर दिखाया मानवता का उदाहरण। भारी बारिश, बर्फबारी और अंधेरे के बीच भी जवानों ने हिम्मत नहीं हारी और वसुधारा ट्रैक पर फँसे तीन यात्रियों को सुरक्षित बचाकर बद्रीनाथ वापस लाया। कठिन मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच चला यह रेस्क्यू अभियान कई घंटों तक चला, जिसमें पुलिस व बचाव दल ने साहस, समर्पण और सेवा-भाव की मिसाल पेश की।
दिनांक 06 अक्टूबर की सांय को कोतवाली श्री बद्रीनाथ पर सूचना प्राप्त हुई कि तीन यात्री वसुधारा ट्रैक से लौटते समय भारी बारिश व खराब मौसम के कारण बीच रास्ते में फँस गए हैं।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक श्री विजय प्रकाश के निर्देशन में थाना बद्रीनाथ से पुलिस व SDRF की संयुक्त टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना हुई। लगातार हो रही तेज बारिश, अंधेरे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने वसुधारा ट्रैक पर सर्च अभियान शुरू किया।
लंबे समय तक चले सर्च अभियान के दौरान जब हर ओर केवल बारिश की आवाज़ और घना अंधकार था, तभी माणा गाँव से लगभग 2 किमी दूर एक बड़ी चट्टान के नीचे तीनों यात्री दिखाई दिए, जो ठंड और भीगने से कांप रहे थे। टीम ने तत्काल उन्हें गर्म पानी, रेनकोट उपलब्ध कराए और सुरक्षित रूप से बद्रीनाथ वापस लाया गया।
कठिन परिस्थितियों में भी पुलिस व SDRF कर्मियों ने मानवीय संवेदना और सेवा-भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। तीनों यात्रियों व उनके परिजनों ने पुलिस टीम की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
रेस्क्यू टीम में हे0का0 लक्ष्मण, का0 सरदार, का0 कैलाश तथा SDRF टीम शामिल रहे।

