खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026: उत्तराखंड 40 प्लस टीम ने जीता गोल्ड, 50 प्लस टीम बनी उपविजेता
देहरादून।खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 में उत्तराखंड की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। 40 प्लस वर्ग में उत्तराखंड टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 50 प्लस वर्ग में टीम उपविजेता बनकर रजत पदक अपने नाम करने में सफल रही।
महासचिव डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत के अनुसार, पिछले पांच वर्षों से उत्तराखंड की मास्टर्स टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। वर्ष 2026 में 40 प्लस वर्ग में स्वर्ण और 50 प्लस वर्ग में रजत पदक जीतकर टीम ने अपनी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित फुटबॉल एकेडमी मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में 40 प्लस टीम ने लीग मुकाबलों में छत्तीसगढ़ के साथ ड्रॉ खेला, जबकि महाराष्ट्र को 2-1 से हराया। सेमीफाइनल में केरल को 1-0 से पराजित कर टीम फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ के खिलाफ कड़े मुकाबले के बाद पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। गोलकीपर लक्ष्मण थापा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण बचाव किए और बेस्ट गोलकीपर का खिताब जीता, जबकि जितेंद्र नेगी को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
वहीं 50 प्लस वर्ग में उत्तराखंड टीम ने फाइनल तक का सफर शानदार खेल के साथ तय किया, लेकिन दिल्ली के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 2-1 से हारकर उपविजेता रही। टीम ने लीग और सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और केरल जैसी टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
टीम के इस प्रदर्शन पर खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक व खेल संगठनों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। साथ ही राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को सम्मानित किए जाने का आश्वासन भी दिया गया है।

