घरों की रेकी कर चोरी करने वाला शातिर गिरोह बेनकाब, कोटद्वार पुलिस ने सरगना समेत 3 आरोपी दबोचे

कोटद्वार। कोटद्वार पुलिस ने घरों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी, अन्य सामान, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा चोरी के औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को प्राची रावत निवासी कोटद्वार ने शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त को घर से बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटनास्थल की गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 5 अगस्त को पुलिस ने राहत अली (35) निवासी दिल्ली, अरुण (23) निवासी अमरोहा तथा रिहान (22) निवासी संभल (हाल निवासी दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले घरों की रेकी कर परिवार की दिनचर्या और आवाजाही पर नजर रखता था। मौका मिलते ही राहत अली घर में घुसकर चोरी करता, जबकि अरुण और रिहान बाहर निगरानी करते थे। चोरी के सामान को बेचकर मिली रकम से आरोपी नशे की लत पूरी करते थे। पुलिस के अनुसार राहत अली गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ दिल्ली में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पाजेब, एक सूटकेस, कपड़े, घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UK15E-2061) तथा सब्बल, प्लास, पेचकस, बोल्ट लीवर और कटर बरामद किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है।
चोरी की घटना के सफल अनावरण में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, उपनिरीक्षक रंजीत तोमर (CIU कोटद्वार), उपनिरीक्षक शोयब अली, अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश आजाद, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल सतीश शर्मा, कांस्टेबल शीतांशु (CIU कोटद्वार) तथा होमगार्ड कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
