कोटद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹4.5 लाख कीमत की 15.40 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर गिरफ्तार

कोटद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹4.5 लाख कीमत की 15.40 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी।मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” को गति प्रदान करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में पौड़ी पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

दिनांक 11 नवंबर 2025 को पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान शंकर डेयरी, बीईएल रोड कोटद्वार के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी के दौरान युवक के पास से 15.40 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4.62 लाख है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित जोशी पुत्र स्वर्गीय हीरा वल्लभ जोशी निवासी मानपुर कोटद्वार के रूप में हुई है।

गिरफ्तार युवक एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं स्मैक का आदी है और इस बार वह स्मैक को बरेली (उत्तर प्रदेश) से लाकर कोटद्वार क्षेत्र में छात्रों और फैक्ट्री कर्मियों को बेचने की फिराक में था, जिससे उसे आर्थिक लाभ हो सके।

आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2012 से लेकर 2025 तक एनडीपीएस एक्ट और गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें प्रमुख मुकदमे वर्ष 2012, 2013, 2016, 2017, 2021, 2023, 2024 और 2025 में दर्ज हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि जनपद पौड़ी को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के अभियान को और मजबूती मिल सके।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार प्रभारी चौकी बाजार कोटद्वार, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान प्रभारी सीआईयू, अपर उपनिरीक्षक सुशील, हेड कांस्टेबल लोकेश, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल उत्तम और कांस्टेबल हरीश की सक्रिय भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles