भगवान राम ने मातापिता की आज्ञा मानकर किया 14 वर्ष का वनवास स्वीकार : विधायक सरिता आर्या
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल समेत विभिन्न क्षेत्रों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में रामलीला मंचन की धूम मची हुई है। नगर क्षेत्र में श्रीराम सेवक सभा मल्लीताल, आदर्श कमेटी सूखाताल, तल्लीताल रामलीला कमेटी और नव सांस्कृतिक सत्संग समिति शेर का डांडा में देर रात तक रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।
रामलीला मंचन के दौरान सभी पात्रों ने अपने-अपने अभिनय से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा और दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इस अवसर पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने भगवान राम की पूजा-अर्चना की और समिति को **टीनशेड निर्माण के लिए पाँच लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।
विधायक ने कहा कि भगवान राम ने माता-पिता की आज्ञा मानकर 14 वर्ष का वनवास स्वीकार किया और कष्ट भरा जीवन व्यतीत किया, तभी उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया। उन्होंने मातृशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्र पर्व के बीच भी महिलाओं की सहभागिता दर्शाती है कि यह प्रभु राम की ही कृपा है।
समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह रावत ने विधायक का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे जब भी कार्यक्रम में आती हैं, कुछ न कुछ सहयोग अवश्य करती हैं और कलाकारों का उत्साहवर्धन भी करती रहती हैं। समिति के महासचिव पूरन चन्द्र पांडे* ने कहा कि बच्चों को तालीम देना सबसे कठिन कार्य है, लेकिन रामलीला को जीवंत बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है।
इस अवसर पर मेकअप डायरेक्टर चन्द्रशेखर जोशी* ने बच्चों का आह्वान करते हुए कहा – राम बनो, रावण नहीं।
रामलीला आयोजन में नगर पालिका सभासद जितेंद्र कुमार पांडे, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू समेत समिति सदस्य व बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

