ऊधमसिंहनगर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, ₹6.70 करोड़ की संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू
ऊधमसिंहनगर: ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, दो बड़े तस्करों की कुल लगभग ₹6.70 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जाएगी, जिसके लिए विधिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
थाना पुलभट्टा क्षेत्र में 1 जनवरी 2025 को चेकिंग के दौरान आरोपी रिफाकत द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 1060 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि उसने अवैध तस्करी से करीब ₹3.70 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है। इस संपत्ति के कुर्कीकरण हेतु 19 मार्च 2026 को सक्षम प्राधिकरण (SAFEMA/NDPS), नई दिल्ली में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
11 अप्रैल 2025 को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक वाहन से 434.748 किलोग्राम गांजा बरामद होने के मामले में संजय गुप्ता को मुख्य सरगना के रूप में चिन्हित किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में तस्करी करता था और अपनी पहचान छिपाने के लिए वाहनों को दूसरों के नाम पर संचालित करता था। उसके द्वारा अर्जित करीब ₹3 करोड़ की संपत्ति—जिसमें प्लॉट, दुकानें, मकान और वाहन शामिल हैं—को भी कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत सक्षम प्राधिकरण के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत किए जा चुके हैं और जल्द ही संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराध से अर्जित संपत्तियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

