हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.800 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार,। कोतवाली नगर पुलिस ने एएनटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 4/5 अगस्त की रात कोतवाली नगर पुलिस सरकारी बस वर्कशॉप से रेलवे कॉलोनी जाने वाले कच्चे मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टिबड़ी फाटक की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को बाइक सहित पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक चालक रोहित सैनी के बैग से 5.160 किलोग्राम तथा उसके साथी मोहित सैनी के थैले से 4.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी एक व्यक्ति से बहादराबाद टोल प्लाजा के पास लेकर आए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में वांछित सप्लायर की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, अपर उपनिरीक्षक भरत सिंह, कांस्टेबल जीवन तिवारी, एएनटीएफ के कांस्टेबल रणजीत सिंह एवं कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे।
