ऑपरेशन कालनेमि के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हरकी पैड़ी व आसपास के घाटों से 16 संदिग्ध ढोंगी हिरासत में
हरिद्वार ।धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों को ठगने वाले ढोंगी बाबाओं और बहरूपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत हरिद्वार पुलिस ने हरकी पैड़ी, रोडीबेलवाला और आसपास के घाटों पर सघन जांच अभियान चलाकर 16 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को ढोंगी बाबाओं और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार के प्रभारी निरीक्षक द्वारा सभी चौकी प्रभारियों और पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने हरकी पैड़ी व आसपास के घाटों पर अभियान चलाते हुए धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले, बिना पहचान पत्र के रह रहे तथा संदिग्ध प्रतीत हो रहे 16 व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के नाम:
रमेश भुईया, वाधरी धानी, सुखदेव चौधरी, मनोज कुमार गुप्ता, कन्हैयादास गुप्ता, अनुज, जयप्रकाश, विनोद कुमार, लालता, सोनू उर्फ जितेन्द्र, प्रेम सिंह, भगवानदास, मुन्ना, राजू, ओमप्रकाश और महेशनाथ गोस्वामी।
