एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई – गूगल फर्जी कस्टमर केयर नंबर से ₹14.08 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई – गूगल फर्जी कस्टमर केयर नंबर से ₹14.08 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अभियुक्त ने स्वयं को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताकर देहरादून निवासी पीड़ित से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के नाम पर लिंक और व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक विवरण व ओटीपी प्राप्त कर कुल ₹14,08,800/- की धनराशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली थी। वर्ष 2021 में दर्ज इस मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर माननीय न्यायालय ने आरोपी के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया था। साइबर थाना पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों की जांच, कॉल डिटेल्स और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर अभियुक्त का लोकेशन ट्रेस किया और गुजरात निवासी मोरादिया हार्दिक कुमार भगवान भाई को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पैतृक निवास क्षेत्र में छिपकर रह रहा था और गुप्त रूप से अपने साथियों के संपर्क में रहकर लगातार फर्जी पहचान पत्र, अलग-अलग मोबाइल नंबर और विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड श्री नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि वे गूगल से किसी भी कस्टमर केयर नंबर को सर्च न करें, किसी भी अज्ञात कॉल, ऑनलाइन जॉब ऑफर, सोशल मीडिया फ्रेंडशिप या निवेश साइट्स पर भरोसा न करें तथा किसी भी व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को सूचित करें तथा वित्तीय साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करें।

पुलिस टीम में निरीक्षक विजय भारती, अपर उपनिरीक्षक मुकेश चन्द्र एवं कानि0 नितिन रमोला शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles