हिंदूवादी सोच नहीं बदलेंगे तो मैं बौद्ध धर्म अपना लूंगी:मायावती
आजमगढ़| यूपी के आजमगढ़ पहुंची बसपी सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी को खुली चेतावनी दी है. मायावती ने कहा कि अगर उसने(बीजेपी) दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के प्रति अपनी सोच नहीं बदली तो वह हिन्दू धर्म त्यागकर बौद्ध धर्म अपना लेंगी.
उन्होंने कहा, ‘मैं भाजपा को खुली चेतावनी देती हूं कि अगर उन्होंने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों तथा धर्मान्तरण करने वाले लोगों के प्रति अपनी हीन, जातिवादी और साम्प्रदायिक सोच नहीं बदली तो मुझे भी हिन्दू धर्म छोड़कर बौद्ध धर्म अपनाने का फैसला लेना पड़ेगा.’ बसपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा करने से पहले वह शंकराचार्यों, धर्माचार्यों और भाजपा के लोगों को अपनी सोच बदलने का मौका दे रही हैं. नहीं तो अंत में और उचित समय पर वह भी अपने करोड़ों अनुयायियों के साथ हिन्दू धर्म त्याग कर बौद्ध धर्म की दीक्षा ले लेंगी.
मायावती ने यहां आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में आरोप लगाया कि वर्तमान मुख्यमंत्री योगी पिछड़ेपन से गुजर रहे पूर्वांचल के प्रतिनिधि होने के बावजूद इस क्षेत्र को विकसित करने की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कटाक्ष किया, वह ध्यान क्या रखें, उनको मंदिरों में पूजा-पाठ से फुरसत तो मिले…कभी अपने गोरखनाथ मंदिर में, कभी अयोध्या में तो कभी चित्रकूट में. ऐसी स्थिति में पूर्वांचल तो छोड़ो पूरे प्रदेश का विकास नहीं हो सकता.
मायावती ने ये भी आरोप लगाया कि भाजपा एंड कम्पनी अपनी कमियों पर पर्दा डालने के लिये अयोध्या, काशी और मथुरा में चाहे जितनी पूजा-पाठ क्यों ना करते रहें, लेकिन जनता उनकी धार्मिक भावना के बहकावे में नहीं आने वाली. यह सच है कि भाजपा के राज में कभी भी नया भारत नहीं बन सकता. मायावती ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने वादों के सापेक्ष अभी तक कुछ खास नहीं कर सकी है.
उन्होंने कहा कि हर तरफ धर्म और संस्कृति के नाम पर भय, दहशत, आतंक और अफरातफरी का माहौल बनाया जा रहा है. मुस्लिम और अल्पसंख्यकों को जीवन गुजारना मुश्किल हो गया है.
