मेनका संजय गांधी ने ‘सखी वन स्टॉप केन्द्र’ की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का नई दिल्ली में उद्घाटन किया
केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने हिंसा को रोकने के लिए बहु क्षेत्रीय प्रतिक्रिया व्यवस्था को मज़बूत करने में ‘सखी वन स्टॉप केन्द्र’ की भूमिका पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का नई दिल्ली में उद्घाटन किया। इस कार्यशाला का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से किया गया है। दो दिवसीय कार्यशाला में देशभर के 33 राज्यों/संघ शासित प्रदेशों के राज्य महिला एवं बाल विकास विभागों के करीब 400 सखी वन स्टॉप केन्द्र कर्मी और नोडल अधिकारी भाग ले रहे हैं।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, श्रीमती मेनका संजय गांधी ने कहा कि वन स्टॉप केन्द्र योजना हिंसा प्रभावित महिलाओं की रक्षा एवं मदद करने की दिशा में अत्यंत कारगर पहल है। इस योजना के महत्व को ध्यान में रखते हुए, यह सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है कि ओएससी (वन स्टॉप केन्द्र) केन्द्रों को पूर्ण पेशेवर एवं कुशल तरीके से चलाया जा रहा है और केन्द्र में आने वाली संकटग्रस्त महिलाओं के साथ पूर्ण सहानुभूति बरती जाए। उन्होंने आगे कहा कि, इन ओएससी केन्द्रों का उद्देश्य ऐसी महिलाओं को सुरक्षित एवं खुशहाल माहौल उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि पहले वन स्टॉप केन्द्र की शुरुआत छत्तीसगढ़ के रायपुर में की गई थी, और कुछ ही समय में यह केन्द्र तनवाग्रस्त महिलाओं के लिए एक जीवनरेखा बन गया। तब से लेकर, देशभर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में ओएससी केन्द्रों की स्थापना की जा चुकी है। मंत्री ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय इन केन्द्रों की कार्यशैली और केन्द्रों में कार्यरत कर्मचारियों में क्षमता निर्माण की नियमित रूप से निगरानी कर रहा है। मंत्रालय इन केन्द्रों के साथ विभिन्न श्रेणियों में जुड़े नर्सों अथवा मनोचिकित्सकों अथवा वकीलों अथवा पुलिसकर्मियों के लिए एक उच्चस्तरीय प्रशिक्षण पाठ्यक्रम विकसित करेगा। उन्होंने ओएससी के प्रशासकों से आग्रह किया कि वे केन्द्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और परेशानियों के बारे में नियमित रूप से मंत्रालय को अपनी प्रतिक्रिया भेजें ताकि निर्धारित समयसीमा में उनका समाधान निकाला जा सके।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री राकेश श्रीवास्तव ने भी वन स्टॉप केन्द्र योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और इस योजना को सफल बनाने के लिए प्रतिभागियों से निपुणता के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि देशभर की लाखों पीड़ित महिलाओं को राहत पहुंचाई जा सके।
