
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला न्यायालय नैनीताल परिसर को चारों ओर से घेरकर सघन जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्रा ने बताया कि एक ईमेल के माध्यम से जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मेल में आरडीएक्स बम लगाए जाने का दावा किया गया है। एहतियातन न्यायालय परिसर और वकीलों के चेंबर्स को खाली करा दिया गया है। सभी न्यायाधीश, अधिवक्ता और कर्मचारी सुरक्षित रूप से बाहर आ गए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा कोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं। साथ ही ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा आसपास के पार्किंग स्थलों और संदिग्ध स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है।
एसपी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। फिलहाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और मामले की गहन जांच जारी है।

