जुए के अड्डों पर नैनीताल पुलिस की “सर्जिकल स्ट्राइक”, 12 जुआरी गिरफ्तार, ₹6.67 लाख से अधिक नकदी बरामद

जुए के अड्डों पर नैनीताल पुलिस की “सर्जिकल स्ट्राइक”, 12 जुआरी गिरफ्तार, ₹6.67 लाख से अधिक नकदी बरामद
Spread the love

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रह्लाद नारायण मीणा (IPS) द्वारा दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में आपराधिक गतिविधियों, अराजकता, अवैध नशे के कारोबार तथा सार्वजनिक स्थानों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलने और खिलवाने वाले व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में श्री प्रकाश चंद्र एसपी सिटी, श्रीमती दीपशिखा सीओ लालकुआं तथा श्री सुमित पांडेय सीओ रामनगर के पर्यवेक्षण में कालाढूंगी पुलिस, एसओजी और लालकुआं पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया और मौके से ₹6,67,650 की नकदी बरामद की।

पहले मामले में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी श्री अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोटाबाग क्षेत्र के जंगल में दबिश दी, जहाँ आरोपी हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों में बेनट चरन निवासी राजेंद्र नगर हल्द्वानी, हेमचंद्र तिवारी निवासी मनोजरथपुर रामनगर, जसवंत सिंह निवासी लोहरिया साल हल्द्वानी, नमन जोशी निवासी लामाचौड़ मुखानी और प्रेम चंद्र अग्रवाल निवासी मैन बाजार कालाढूंगी शामिल हैं। इनके खिलाफ कोतवाली कालाढूंगी में एफआईआर संख्या 113/2025 धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से ₹5,66,000 नकद, 52 ताश के पत्ते, दो गड्डी और एक त्रिपाल बरामद की।

दूसरे मामले में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं श्री बृजमोहन राणा और एसओजी प्रभारी श्री राजेश जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में सट्टे के अड्डे पर छापा मारा। बलवंत की खाली दुकान कार रोड बिन्दुखत्ता से सात व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। इनमें संजय सिंह, विजय जोशी, बलवंत सिंह, नरेंद्र सिंह, कुवर सिंह, खड़क सिंह और कमलेश सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मौके से ₹1,01,650 नकद राशि और 52 ताश के पत्ते बरामद किए तथा इनके विरुद्ध कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 217/2025, जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी प्रह्लाद मीणा ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सट्टा-जुआ और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जो शांति व्यवस्था भंग करेगा।

एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट कार्य पर ₹2,500 नकद इनाम की घोषणा की है।

देवभूमि खबर

Related articles