नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता, 62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता, 62 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी सहित पूरे जनपद नैनीताल में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में जनपद पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा मुखानी क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को कुल 207 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में धनपाल पुत्र रामसहाय, निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढुगा, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल शामिल है, जिसके कब्जे से 125 ग्राम स्मैक बरामद की गई। वहीं दूसरे अभियुक्त रामचन्द्र पुत्र लीलाधर, निवासी भेटाखास, थाना कटरा, तहसील तिलहर, जनपद शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 82 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस प्रकार दोनों के पास से कुल 207 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर थाना मुखानी में उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं स्मैक के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए स्मैक लाकर उसकी बिक्री करते थे। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम का हौसला बढ़ाते हुए ₹2,000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल बंशीधर जोशी, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल संतोष बिष्ट तथा कांस्टेबल अरुण राठौर शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles